सिडकुल नाले में बही छह वर्षीय बच्ची का शव 30 घंटे बाद रानीपुर क्षेत्र से बरामद
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में नाले में बही छह वर्षीय मासूम बच्ची की तलाश करीब 30 घंटे बाद पूरी हुई। मंगलवार को रानीपुर क्षेत्र में बच्ची का शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को थाना सिडकुल पुलिस को सूचना मिली थी कि रावली महदूद क्षेत्र में दो बच्चियां नाले में बह गई हैं। इनमें सात वर्षीय हिमानी को लोगों ने सुरक्षित बचा लिया था, जबकि छह वर्षीय विधिका पुत्री गौतम, निवासी ग्राम फरीदपुर, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश और हाल निवासी मनोज ठेकेदार का मकान, रावली महदूद, नाले के तेज बहाव में बह गई थी।सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस टीम लगातार नाले और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश में जुटी रही। करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद 8 सितंबर को रानीपुर क्षेत्र में बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।शव मिलने की सूचना पर बच्ची के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त विधिका के रूप में की। पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में दाखिल कराया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।मासूम बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना ने नालों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान तेज बहाव वाले नालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।






Users Today : 26