स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाए जाने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। इसके बाद ध्वजारोहण तथा ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का गायन होगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि प्रातः 9:30 बजे जिला कार्यालय परिसर में मुख्य अतिथि/जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी गई है।
सरकारी भवन होंगे रोशन
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त की रात्रि से सभी सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण इमारतों को प्रकाशमान किया जाए। इसके लिए कम वोल्टेज वाले एलईडी बल्बों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागाध्यक्षों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति एवं देशप्रेम के गीतों का प्रसारण किया जाएगा। इसकी व्यवस्था जिला सूचना अधिकारी द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों की होगी सफाई
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद के विभिन्न स्मारकों, प्रतिमाओं एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी। नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ मेले के बाद जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद जनपद में जगह-जगह फैले कूड़े-कचरे की सफाई के लिए 12 अगस्त से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में पूर्ण सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडलों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाए, ताकि सामूहिक प्रयास से जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
स्वतंत्रता दिवस पर होगा वृहद वृक्षारोपण
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से कार्यालय परिसरों एवं संबंधित परिसंपत्तियों में वृहद वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का भी अवसर है।बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीति घिल्डियाल, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







Users Today : 30