बहादुरपुर सैनी में अवैध मिट्टी खनन का बोलबाला, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के थाना बहादराबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहादुरपुर सैनी में अवैध मिट्टी खनन का गोरखधंधा खुलेआम फल-फूल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह खनन कार्य बिना किसी वैध अनुमति के दिनदहाड़े किया जा रहा है, लेकिन खनन विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी खनन माफिया बेखौफ होकर भारी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए उपजाऊ कृषि भूमि से मिट्टी निकाल रहे हैं। इससे न केवल खेतों की उर्वरता नष्ट हो रही है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। गांव की हरियाली और खेती पर निर्भर आजीविका पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को अवैध खनन की सूचना दी गई, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि क्या खनन माफियाओं को कहीं न कहीं संरक्षण प्राप्त है, तभी नियम-कानून को ताक पर रखकर यह कारोबार बेरोकटोक जारी है।अवैध खनन के चलते गांव की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, मिट्टी ढोने वाले वाहनों से उड़ती धूल के कारण ग्रामीणों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर देखा जा रहा है। खनन नियमों के अनुसार बिना अनुमति मिट्टी खनन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, लेकिन इसके बावजूद बहादुरपुर सैनी में कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके और पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।






Users Today : 1