नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह की पहली अहम बैठक अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश — जनता की शिकायतों का तत्काल निस्तारण, साइबर अपराध व नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई

नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह की पहली अहम बैठक
अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश — जनता की शिकायतों का तत्काल निस्तारण, साइबर अपराध व नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई

(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार।जनपद हरिद्वार के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में तेजी दिखानी शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों (सीओ) एवं थाना प्रभारियों (एसओ/एसएचओ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों से आमने-सामने परिचय प्राप्त करते हुए उनके सर्किल, थानों तथा कार्यक्षेत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए।एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता का विश्वास जीतना है, इसलिए हर अधिकारी आपसी समन्वय मजबूत रखे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े और उसकी शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेताया कि अभियोग पंजीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में जनता से मिलने के लिए एक निश्चित समय निर्धारित किया जाए। यदि थाना प्रभारी किसी कारणवश बाहर हों तो जिम्मेदार अधिकारी को विधिवत कार्यभार सौंपा जाए तथा वापसी पर स्वयं शिकायतों का फीडबैक लेकर समीक्षा करें, ताकि पीड़ित को समय पर न्याय मिल सके।बैठक में साइबर अपराधों पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड की घटनाओं में तुरंत कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जाए। साथ ही वर्तमान में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि केवल नशेड़ी को पकड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाना होगा कि नशा कहां से आ रहा है। पुलिस को सप्लाई चेन के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करनी होगी और इसे थाना प्रभारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।एसएसपी ने प्रत्येक सर्किल में नियमित प्रातःकालीन व सांयकालीन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसकी समीक्षा नगर एवं देहात पुलिस अधीक्षक स्वयं करेंगे। किसी भी घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देने पर भी जोर दिया गया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई हो सके।बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखा प्रभारी मौजूद रहे।नवनीत सिंह की इस पहली विस्तृत बैठक को पुलिस व्यवस्था में अनुशासन, जवाबदेही और जन-हितैषी पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

error: Content is protected !!