सड़क जाम व तोड़फोड़ करने वालों पर श्यामपुर पुलिस की सख्ती, 5 आरोपी हिरासत में

सड़क जाम व तोड़फोड़ करने वालों पर श्यामपुर पुलिस की सख्ती, 5 आरोपी हिरासत में

हरिद्वार।थाना श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस कार्मिकों के साथ अभद्रता, राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यातायात बाधित करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।मामला 1 अप्रैल 2026 का है, जब चौकी चण्डीघाट क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मृत्यु के बाद आक्रोशित लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस के साथ अभद्रता करते हुए चौकी में तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना के संबंध में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चौहान की तहरीर पर 2 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत 10 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। विवेचना के दौरान चौकी प्रभारी चण्डीघाट उपनिरीक्षक सन्तोष सेमवाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया।पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी घटना या दुर्घटना की स्थिति में कानून हाथ में न लें, बल्कि अपनी बात कानूनी तरीके से पुलिस के समक्ष रखें।

error: Content is protected !!