पत्रकार से अभद्रता पर भड़की भाकियू क्रांति अराजनैतिक, 29 मई को लक्सर तहसील घेराव की चेतावनी

पत्रकार से अभद्रता पर भड़की भाकियू क्रांति अराजनैतिक, 29 मई को लक्सर तहसील घेराव की चेतावनी

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन क्रांति अराजनैतिक ने बहादराबाद स्थित गोविंदपुर में अपने राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी के साथ अभद्रता करने वाले अधिकारी पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता हाजी तौफीक अहमद ने कहा कि बीते शुक्रवार को लक्सर तहसील में हुई घटना ने पत्रकारों और किसान संगठन के पदाधिकारियों को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील में तैनात अधिकारी द्वारा वरिष्ठ पत्रकार के साथ किया गया व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। हाजी तौफीक अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और यदि पत्रकारों का सम्मान सुरक्षित नहीं रहेगा तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो भारतीय किसान यूनियन क्रांति अराजनैतिक 29 मई को लक्सर तहसील का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष युनुस अहमद ने भी संगठन की ओर से पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं जिलाध्यक्ष शहर अजीम कुरेशी ने कहा कि संगठन अन्याय और अभद्रता के खिलाफ हमेशा आवाज उठाता रहेगा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गुल मोहम्मद, दानिश, मुसर्रत अली, अक्षय शुक्ला, समून राणा सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!