राजपुर में दो नाबालिगों से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार, रानीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हरिद्वार । हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजपुर में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद रानीपुर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। संवेदनशील मामले में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को ग्राम राजपुर में रहने वाली दो नाबालिग बालिकाओं के परिजनों ने कोतवाली रानीपुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि क्षेत्र में जनरल स्टोर एवं कन्फेक्शनरी की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने दोनों बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ करने के साथ दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए हुए पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया।घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल सक्रिय किया गया। टीम ने पीड़ित बालिकाओं का मेडिकल परीक्षण कराते हुए साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश में दबिश शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि नामजद आरोपी अनुज बालिया पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम गढ़, पोस्ट ऑफिस गढ़मीरपुर, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र लगभग 56 वर्ष को घटना के 12 घंटे के भीतर ही 6 जुलाई को गढ़मीर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी क्षेत्र में जनरल स्टोर/कन्फेक्शनरी की दुकान संचालित करता है। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक राकेश सिंह (चौकी प्रभारी सुमननगर), उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल जयदेव तथा कांस्टेबल महेन्द्र तोमर शामिल रहे।रानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि नाबालिगों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर हरिद्वार पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। आरोपी को तेजी से गिरफ्तार कर पुलिस ने पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।






Users Today : 3