सुमन नगर में धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव, हाजी तौफीक अहमद ने किया गोशाला का उद्घाटन
हरिद्वार । राधा माधव सेवा कुंज ट्रस्ट की ओर से जनपद हरिद्वार के सुमन नगर में कृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इस दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी (कां) से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के भावी उम्मीदवार हाजी तौफीक अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गोशाला का उद्घाटन किया और आयोजन में उपस्थित लोगों को कृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।हाजी तौफीक अहमद ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, भाईचारे, मानवता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना आज के समय में बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं।उन्होंने गोसेवा के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि गोसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। गोशाला के शुभारंभ को उन्होंने समाजसेवा की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।राधा माधव सेवा कुंज ट्रस्ट के संस्थापक राहुल सिंह ने बताया कि कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर बच्चों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों के प्रति रुचि पैदा करना है।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन में मौजूद लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ जन्मोत्सव का आनंद लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।






Users Today : 14