खाकी की जिम्मेदारी के साथ इंसानियत का फर्ज निभा रहे हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) कलियर। पुलिस की वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना भी सच्ची मानवता की पहचान है। कलियर कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी इसी भावना के साथ पुलिस की ड्यूटी के साथ समाजसेवा का फर्ज भी बखूबी निभा रहे हैं।सोनू चौधरी अब तक 63 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका मानना है कि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त उपलब्ध कराना उसके परिवार के लिए बड़ी मदद होती है। इसी सोच के साथ वह लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं और लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित कर रहे हैं।उनके इस सेवाभाव की पुलिस विभाग में भी सराहना हो रही है। उन्हें पिछले महीने ‘मंथ ऑफ द पुलिसमैन’ के खिताब से नवाजा गया था। इतना ही नहीं, डीजीपी भी उन्हें पदक देकर सम्मानित कर चुके हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने भी हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी के सेवा भाव की सराहना की है। सोनू चौधरी ने साबित किया है कि वर्दी की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ इंसानियत की सेवा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।






Users Today : 12