रानीपुर पुलिस की “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत बड़ी कार्रवाई
धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले 11 ढोंगी व बहरूपिये गिरफ्तार, विधिक कार्रवाई जारी
हरिद्वार। माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रदेश में“ऑपरेशन कालनेमि” चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद हरिद्वार द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को धर्म की आड़ में जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वाले ढोंगी बाबाओं, बहरूपियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर द्वारा अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा शिवालिक नगर, गैस प्लांट सहित अन्य स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले, बिना वैध पहचान पत्र के रह रहे कुल 11 संदिग्ध ढोंगी एवं बहरूपियों को चिन्हित कर ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। रानीपुर पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने, आमजन को गुमराह करने एवं धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। हरिद्वार पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, ढोंगी बाबाओं अथवा बहरूपियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।






Users Today : 0