तीर्थ नगरी हरिद्वार में 21 फरवरी से 03 मार्च तक चलेगा “चमाचम सड़क सफाई अभियान”
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में व्यापक स्तर पर स्वच्छता महाअभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘स्वच्छ हरिद्वार’ संकल्प को मिलेगा नई गति
हरिद्वार।तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में 21 फरवरी 2026 से 03 मार्च 2026 तक जनपद भर में “चमाचम सड़क सफाई अभियान” चलाया जाएगा। यह अभियान शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संचालित होगा, जिसका मुख्य विषय रहेगा — “मेरा घर, मेरी सड़क”। इस अभियान के माध्यम से सड़कों, आंतरिक मार्गों, सर्विस लेन, फ्लाईओवर, पगडंडियों, पुलों के एप्रोच मार्गों तथा सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सड़क किनारे के आरओडब्ल्यू (ROW) क्षेत्र की सफाई, साइनेज एवं गति अवरोधकों की मरम्मत तथा नहर एवं पुल मार्गों के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “साफ स्वच्छ हो हरिद्वार अपना” संकल्प को साकार करने के लिए इस अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा, जिससे राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के बीच सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती की है तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इस महाअभियान में नगर निगम हरिद्वार एवं रुड़की, नगर पालिका/नगर पंचायतें, पंचायत राज विभाग, मंडी परिषद, गन्ना विकास विभाग, वन विभाग, राजाजी राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन, जिला उद्योग केंद्र, सिडकुल, छावनी परिषद रुड़की, एचआरडीए, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग (PMGSY), प्रांतीय निर्माण खंड (NH), सिंचाई विभाग, गंगनहर निर्माण खंड तथा भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार सहित सभी संबंधित विभाग सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से जनभागीदारी पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि पूर्व की भांति इस अभियान में भी उत्साहपूर्वक भाग लें, अपने घरों एवं आसपास की सड़कों की सफाई करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।अभियान की पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अभियान से पूर्व एवं उपरांत की जीपीएस लोकेशन सहित फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से व्हाट्सएप नंबर 8273371714 पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।यह “चमाचम सड़क सफाई अभियान” न केवल स्वच्छता की दिशा में एक सशक्त कदम होगा, बल्कि तीर्थ नगरी हरिद्वार की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करने में भी मील का पत्थर साबित होगा।






Users Today : 3