कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज: मेलाधिकारी ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का किया विस्तृत निरीक्षण, 10 हजार यात्रियों के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
हरिद्वार।आगामी वर्ष आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध कुंभ मेला को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में मेला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को अधिकारियों की टीम के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह स्टेशन कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के आगमन का प्रमुख द्वार है, इसलिए यहां की सभी व्यवस्थाएं त्रुटिहीन, सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना अनिवार्य है।
10 हजार यात्रियों की क्षमता का होगा होल्डिंग एरिया
निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने अवगत कराया कि भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में दस हजार यात्रियों की क्षमता वाला विशाल होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से स्नान पर्वों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में सहायक सिद्ध होगी।
मेलाधिकारी ने प्रवेश एवं निकास मार्गों को चौड़ा और सुव्यवस्थित करने, प्रतीक्षा क्षेत्रों को पर्याप्त छायादार बनाने तथा पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था को उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घोषणा प्रणाली, हेल्पडेस्क और टिकट काउंटरों की संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विशेष ट्रेनों और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
मेलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कुंभ अवधि में ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना तैयार करने को कहा। सुरक्षा के दृष्टिगत जीआरपी और आरपीएफ के साथ अतिरिक्त बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष चर्चा की गई। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए पृथक सहायता काउंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
निकटवर्ती स्टेशनों को भी किया जाएगा सुदृढ़
मेलाधिकारी ने कहा कि केवल हरिद्वार ही नहीं, बल्कि मोतीचूर, ज्वालापुर और रायवाला जैसे निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों को भी कुंभ के मद्देनजर सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं का दबाव संतुलित रूप से विभाजित किया जा सके।
मेला क्षेत्र के अन्य स्थलों का भी किया निरीक्षण
रेलवे स्टेशन के अतिरिक्त मेलाधिकारी एवं अपर मेलाधिकारी ने लालजीवाला क्षेत्र, भीमगोड़ा बैराज तथा रोड़ी बेलवाला-खड्डा पार्किंग स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इन क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और यातायात प्रबंधन को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
दिव्य और भव्य कुंभ का संकल्प
मेलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करना होगा। स्थायी प्रकृति के अधिकांश कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और अब उनका क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन, रेलवे और जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे।कुल मिलाकर, मेला प्रशासन की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि आगामी कुंभ मेला न केवल आस्था का महापर्व होगा, बल्कि व्यवस्थाओं और प्रबंधन के लिहाज से भी एक मिसाल कायम करेगा।






Users Today : 3