जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने योजनाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
अवशेष धनराशि फरवरी अंत तक व्यय करने के आदेश, मुख्यमंत्री घोषणाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश
स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। हरिद्वार में जिला योजना, राज्य योजना एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों को आवंटित धनराशि के उपयोग की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष समापन के निकट है, ऐसे में जिन विभागों द्वारा जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय नहीं किया गया है, वे फरवरी माह के अंत तक शेष राशि का उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि धनराशि के व्यय में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सेक्टर के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा
बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बी एवं डी श्रेणी में आने वाले विभागों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे ठोस प्रयास कर ए श्रेणी में स्थान सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रदर्शन सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्यवाही पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री घोषणाओं पर त्वरित अमल
जनपद में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घोषणाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा और सभी अधिकारी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित करें।
स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से दें गति
जिलाधिकारी ने कहा कि तीर्थ नगरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशन में विगत तीन माह से निरंतर सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 फरवरी से 03 मार्च तक “चमाचम सड़क सफाई अभियान” चलाया जा रहा है, जो शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक स्तर पर संचालित होगा।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, धार्मिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को अभियान से जोड़कर इसे जनआंदोलन का रूप दें। उद्देश्य यह है कि जनपद में आने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक स्वच्छ वातावरण का अनुभव करें और सकारात्मक संदेश लेकर लौटें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वच्छता अभियान की सफलता प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।






Users Today : 4