अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, देवपुरा चौक से रेलवे स्टेशन तक 80 अस्थाई दुकानें हटाई
हरिद्वार। जनपद में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में देवपुरा चौक से हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान बस स्टैंड के सामने रेलवे स्टेशन की दीवार से सटी करीब 80 अस्थाई दुकानें, रेहड़ी-ठेली और अन्य कब्जे हटाए गए, जिससे लंबे समय से बाधित पैदल मार्ग खाली कराया जा सका।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि शहर के जिन भी फुटपाथों पर कब्जा किया गया है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से खाली कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और आमजन से अपील की कि वे स्वयं ही फुटपाथों से अपना सामान हटा लें, अन्यथा नगर निगम की टीम द्वारा जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।अभियान के बाद खाली कराए गए क्षेत्रों में तुरंत सफाई कराने के निर्देश नगर निगम को दिए गए, जबकि क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया है। साथ ही सड़कों और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए गए, ताकि जाम की स्थिति से राहत मिल सके।रेलवे भूमि पर डाली गई झोपड़ियों को हटाने के लिए मौके पर रेलवे अधिकारियों को बुलाकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। प्रशासन ने साफ किया है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा कब्जा हुआ तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।अभियान के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर तथा नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।






Users Today : 4