हरिद्वार पुलिस की सतर्कता से सुरक्षित मिलीं नेपाल मूल की दो नाबालिग सगी बहनें
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। कोतवाली सिडकुल पुलिस की सतर्कता और मानवीय कार्यशैली के चलते नेपाल मूल की दो नाबालिग सगी बहनों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया। औद्योगिक क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूम रही दोनों बालिकाओं को पुलिस ने तत्काल संरक्षण में लेकर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना सिडकुल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र स्थित राजा बिस्कुट फैक्ट्री के आसपास दो नाबालिग लड़कियां अकेले घूम रही हैं। औद्योगिक क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं के इस प्रकार घूमने पर पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। सूचना मिलते ही थाना सिडकुल पुलिस के चेतक कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण में लिया।पूछताछ के दौरान दोनों बालिकाओं ने बताया कि वे नेपाल मूल की निवासी हैं तथा उनके पिता जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करते हैं। दोनों बहनें बिना किसी को बताए हल्द्वानी से हरिद्वार आ गई थीं और रास्ता भटककर सिडकुल क्षेत्र में पहुंच गईं।थानाध्यक्ष सिडकुल के निर्देश पर दोनों बालिकाओं को थाना लाकर सुरक्षित रखा गया। महिला उपनिरीक्षक द्वारा उनकी काउंसलिंग की गई और उन्हें मानसिक रूप से सहज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें थाना सिडकुल बुलाया।परिजन थाना पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दोनों नाबालिग बालिकाओं को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही की सराहना की।हरिद्वार पुलिस की यह कार्यवाही न केवल सतर्क पुलिसिंग का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं को भी दर्शाती है।






Users Today : 31