सुमन नगर में भारी बारिश से जलभराव, जनसुनवाई में पहुंची शिकायत; डीएम ने त्वरित जल निकासी के दिए निर्देश

सुमन नगर में भारी बारिश से जलभराव, जनसुनवाई में पहुंची शिकायत; डीएम ने त्वरित जल निकासी के दिए निर्देश

हरिद्वार।जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही  निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान सुमन नगर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव का मामला भी प्रमुखता से सामने आया। सुमन नगर निवासी कमलेश उप्रेती ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि भारी वर्षा के कारण उनके घर के चारों तरफ पानी भर गया है। जलभराव के चलते परिवार को घर से आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की उचित व्यवस्था जल्द से जल्द कराने की मांग की।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुमन नगर सहित जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।औरंगाबाद निवासी योगेंद्र कुमार ने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नियमानुसार नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। वहीं प्रमोद कुमार निवासी औरंगाबाद ने मकान निर्माण में पड़ोसियों द्वारा बाधा डालने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।नारसन रुड़की निवासी ओमकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्थापित 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण एवं उस पर देय ब्याज की पूर्ण माफी की मांग की। वहीं रावली महदूद के ग्राम ब्रह्मपुरी में मंदिर के पास संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई।ग्राम पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता पत्नी दिनेश ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को हुई अत्यधिक वर्षा के कारण उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने मकान का मौका मुआयना कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर समस्या का निरीक्षण करें और उसका समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए।सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए।उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 413 तथा एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, डीपीआरओ मुस्तफा खां, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!