घर में घुसकर अनीस के परिवार से मारपीट का आरोप, पत्नी-बेटी भी घायल
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़ में घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अनीस ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।अनीस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग कथित रूप से घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अनीस का आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट की गई।अनीस ने बताया कि परिवार को बचाने के लिए जब उसने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए देहरादून रेफर किया।पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Users Today : 4