विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस और पत्रकारों ने किया पौधारोपण, हरित भविष्य का लिया संकल्प
हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चौकी प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने किया, जिसमें पुलिसकर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल जयदेव, होमगार्ड ब्रह्मपाल चौहान तथा वरिष्ठ पत्रकार दिलदार अब्बासी ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने हरित वातावरण के निर्माण और प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया, फल एवं प्राकृतिक संतुलन का आधार भी हैं। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है तो आज से ही वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकता बनाना होगा।विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।
“एक पौधा माँ के नाम, एक पौधा देश के नाम” अभियान को मिला समर्थन, पुलिस और पत्रकारों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।






Users Today : 0