ऑपरेशन प्रहार में हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता, बांग्लादेशी महिला फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है, जो नाम बदलकर लंबे समय से भारत में रह रही थी। इस मामले में एक स्थानीय सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है।पुलिस मुख्यालय के निर्देश और एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के दौरान बुधवार को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया।यह कार्रवाई वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद संस्थान के पास सत्यापन अभियान के दौरान की गई। पूछताछ में महिला की पहचान सलेहा बेगम के रूप में हुई, जो बांग्लादेश के कुमीला की रहने वाली है। महिला भारत में “स्वीटी” नाम से रह रही थी और उसने फर्जी दस्तावेज बनवाकर अपनी पहचान छिपा रखी थी।पुलिस जांच में सामने आया कि महिला वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए श्यामदास के संपर्क में आई थी। आर्थिक तंगी के चलते उसने भारत का रुख किया और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से यहीं रह रही थी। बाद में श्यामदास की मदद से उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए।पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किया है, जिससे उसकी असल पहचान उजागर हुई। इस पूरे मामले में पुलिस ने श्यामदास नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है, जो फर्जी दस्तावेज बनवाने और महिला को शरण देने में शामिल था।दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।इस सफलता पर एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, बल्कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्ती का भी स्पष्ट संदेश दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाइयों के जारी रहने की संभावना है।






Users Today : 0