अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रानीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी, पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; सहारनपुर स्थित आवास से हिरासत में लिया
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी करने तथा पांच करोड़ रुपये की मांग करने के मामले में हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हिरासत में लिया है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उसके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, शानिवार की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर निवासी महिला ने कोतवाली रानीपुर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और परिवार की छवि को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने तथा पांच करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही।मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आज सहारनपुर पहुंचकर नामजद महिला को उसके आवास से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा।हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी, आर्थिक मांग और धमकी से जुड़े इस मामले में रानीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दूसरे राज्य में पहुंचकर कार्रवाई की और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया। अब मामले में आगे की जांच और न्यायालय की कार्रवाई पर नजर रहेगी। अभिनेत्री उर्मिला सनावर को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप तथा महिला कांस्टेबल मोनिका और मीनाक्षी शामिल रहे।






Users Today : 116