पथरी रोह पुल पर जाम, जर्जर पुल से गुजर रहे भारी वाहन; गढ़ मीरपुर से पंचपुरी तक सड़कें बदहाल, गड्ढा मुक्त अभियान के दावों पर सवाल
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। पथरी रोह पुल पर आए दिन लगने वाले जाम ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। एक ओर पुराने पुल की हालत जर्जर बनी हुई है और उसकी निर्धारित मियाद भी पूरी हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर नए पुल का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में पुराने पुल से भारी-भरकम वाहनों की आवाजाही किसी बड़े हादसे को न्योता देती नजर आ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र से माल लोड करके निकलने वाले भारी वाहन टोल टैक्स से बचने के चक्कर में पथरी रोह के पुराने पुल से गुजर रहे हैं। इन वाहनों की आवाजाही से पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं पुल पर लगने वाले जाम के कारण राहगीरों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इतना ही नहीं, गढ़ मीरपुर, पूरनपुर, राजपुर और पंचपुरी को जोड़ने वाले मार्गों की हालत भी बेहद खस्ता बनी हुई है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। जिला अधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जनपद की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बावजूद इन मार्गों की स्थिति में अब तक अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ? आखिर अधिकारियों तक आदेश पहुंचने के बाद भी धरातल पर काम कब शुरू होगा?स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब जिला प्रशासन की ओर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं तो फिर इन ग्रामीण मार्गों की सुध लेने वाला कौन है? क्या संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को इन बदहाल सड़कों से गुजरने वाले ग्रामीणों की परेशानी दिखाई नहीं देती?सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुराने पुल की मियाद पूरी हो चुकी है तो भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं लगाया जा रहा? नए पुल के निर्माण में देरी आखिर किस वजह से हो रही है? क्या कुंभ-2027 से पहले यह पुल तैयार हो पाएगा?कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यदि पुल और संपर्क मार्गों की स्थिति समय रहते नहीं सुधारी गई तो यातायात व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से पुराने पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, नए पुल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा गढ़ मीरपुर, पूरनपुर, राजपुर और पंचपुरी के मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त कराने की मांग की है।अब बड़ा सवाल यह है कि जिला अधिकारी के निर्देशों के बावजूद सड़कें गड्ढा मुक्त क्यों नहीं हुईं? पुराने पुल पर भारी वाहनों का दबाव कब कम होगा और नए पुल का निर्माण कब पूरा होगा? जनता को आखिर कब मिलेगी राहत?






Users Today : 5