दिल्ली धमाके के बाद हरिद्वार में हाई अलर्ट — पुलिस ने शहरभर में चलाया सघन चेकिंग अभियान

दिल्ली धमाके के बाद हरिद्वार में हाई अलर्ट — पुलिस ने शहरभर में चलाया सघन चेकिंग अभियान

हरिद्वार। दिल्ली के लाल किले के गेट के पास हुए धमाके के बाद हरिद्वार में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने देहात से लेकर सिटी क्षेत्र तक सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनज़र हरकी पैड़ी, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, भेल, सिडकुल, होटलों और गेस्ट हाउसों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और बिन पहचान सामान की जांच कर रही हैं। गंगा घाटों पर भी पुलिस और जल पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। तीर्थनगरी में आने-जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। एसएसपी हरिद्वार ने बताया कि जिले की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
हरिद्वार प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है — किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

error: Content is protected !!