साक्षी धोनी ने हर की पैड़ी पर किया गंगा स्नान, मां गंगा से मांगा परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद

माही परिवार की हरिद्वार यात्रा: साक्षी धोनी ने परिवार संग किया गंगा स्नान, मां गंगा से मांगा आशीर्वाद

हरिद्वार। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी शुक्रवार को अपने परिवार के साथ हरिद्वार की पावन नगरी पहुंचीं। साक्षी धोनी ने हर की पैड़ी पर गंगा स्नान कर मां गंगा से आशीर्वाद लिया।

इस दौरान उनके साथ मां, बहन और बच्चे भी मौजूद रहे। गंगा स्नान के बाद साक्षी धोनी ने पूजा-अर्चना कर देश और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर दान-पुण्य भी किया। साक्षी धोनी और उनके परिजनों के आगमन पर श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, उज्जवल पंडित, सिद्धार्थ चक्रपाणी सहित अन्य पदाधिकारियों ने गंगा सभा कार्यालय में सभी का स्वागत किया। तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि धोनी परिवार की यह यात्रा पूरी तरह धार्मिक और आस्था से जुड़ी रही। धोनी परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह अपनी टीम के साथ हर की पैड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। हर की पैड़ी पर साक्षी धोनी के आगमन से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोग पूर्व कप्तान धोनी के परिवार को करीब से देखकर प्रसन्न नजर आए।

error: Content is protected !!