दून में डिजिटल शिक्षा की बड़ी छलांग: 168 सरकारी स्कूलों में लगेंगे 884 स्मार्ट टीवी

दून में डिजिटल शिक्षा की बड़ी छलांग: 168 सरकारी स्कूलों में लगेंगे 884 स्मार्ट टीवी

(पत्रकार दिलदार अब्बासी) देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष पहल पर जिला प्रशासन ने शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रोजेक्ट “उत्कर्ष” के तहत जनपद देहरादून के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अब पढ़ाई स्मार्ट तकनीक के साथ होगी। प्रशासन ने सरकारी स्कूलों की कक्षाओं को डिजिटल शिक्षण प्रणाली से सुसज्जित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।जिले के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं। इस महत्त्वाकांक्षी योजना पर 3.67 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिसका प्रावधान जिला खनन न्यास (DMF) निधि से किया गया है। इन स्मार्ट टीवी के माध्यम से प्रत्येक कक्षा को डिजिटल शिक्षण से जोड़ा जाएगा और कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल तथा डिजिटल पाठ्य सामग्री का उपयोग संभव होगा। इससे पढ़ाई अधिक रोचक, प्रभावी और सहभागितापूर्ण बनेगी।प्रशासन का मानना है कि यह पहल सरकारी और निजी विद्यालयों के बीच मौजूद डिजिटल अंतर को कम करेगी। अब सरकारी स्कूलों के छात्र भी दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, ई-सामग्री, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल कक्षाओं के माध्यम से आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ उठा सकेंगे। इससे विद्यार्थियों की समझ, सहभागिता और शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।कक्षा-कक्षों के आकार को ध्यान में रखते हुए 43 इंच तथा 55 इंच के दो आकारों में स्मार्ट टीवी खरीदे जा रहे हैं। खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए जैम (GeM) पोर्टल के माध्यम से ई-टेंडरिंग कराई गई, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की 12 फर्मों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद न्यूनतम दर वाली पात्र फर्म का चयन कर कार्यादेश जारी कर दिया है और जल्द ही आपूर्ति एवं स्थापना कार्य शुरू होगा।इससे पहले जिला प्रशासन ने 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराकर बुनियादी सुविधाएं मजबूत की थीं। अब डिजिटल शिक्षण व्यवस्था लागू होने से शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने इसे जनपद में शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा में सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी स्थापित कर डिजिटल शिक्षा सुविधा शुरू कर दी जाएगी।इस पहल को नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल सशक्तिकरण की ओर अहम कदम माना जा रहा है और उम्मीद है कि आने वाले समय में दून के सरकारी स्कूल भी स्मार्ट क्लासरूम की पहचान बनेंगे।

error: Content is protected !!