उत्तराखंड सूचना विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आठ अधिकारियों के तबादले

उत्तराखंड सूचना विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आठ अधिकारियों के तबादले

देहरादून । उत्तराखंड शासन के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया गया है। महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार विभाग के आठ सूचना एवं जिला सूचना अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम को सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून संबद्ध मीडिया सेंटर भेजा गया है। वहीं रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर ताम्र को भी सूचना निदेशालय देहरादून में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा संजय सिंह को सूचना निदेशालय देहरादून में ही तैनात रखा गया है, जबकि हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी रति लाल अपने वर्तमान जनपद में ही कार्यभार संभालते रहेंगे। रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी कृष्ण लाल टट्टा भी अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे।आदेश के तहत टिहरी की सूचना अधिकारी मीनी मुंजनी को सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून संबद्ध मीडिया सेंटर में भेजा गया है। वहीं पौड़ी के अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी प्रदीप सिंह बिष्टवाल का स्थानांतरण जिला सूचना कार्यालय टिहरी में किया गया है। चम्पावत की अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी आशा गंगोली भी अपने वर्तमान जनपद में कार्यरत रहेंगी।कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे तथा उसकी सूचना सूचना निदेशालय (मुख्यालय) देहरादून को उपलब्ध कराएंगे। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यभार ग्रहण करने तक किसी भी अधिकारी का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को विभागीय नियमों के अनुसार स्थानांतरण यात्रा भत्ता भी देय होगा।सूचना विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय और जनसंपर्क व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग को उम्मीद है कि नई तैनातियों से सूचना तंत्र की कार्यक्षमता और जनसंपर्क व्यवस्था में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।

error: Content is protected !!