कांवड़ियों के स्वागत में उतरे डीएम-एसएसपी, शंकराचार्य चौक पर सेवा, सम्मान और सुरक्षा का अनूठा संगम
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सहज बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस पूरी सक्रियता के साथ मैदान में है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और स्वयं शिवभक्त कांवड़ियों के बीच पहुंचकर सेवा भाव का संदेश दिया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने फूल कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का पुष्पमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को फल, जूस, पेयजल तथा अन्य अल्पाहार वितरित कर उनकी सुखद यात्रा की कामना की। प्रशासन के इस आत्मीय व्यवहार से कांवड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ियों से यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। जहां भी किसी प्रकार की समस्या की जानकारी मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।प्रशासन और पुलिस की इस सेवा भावना से अभिभूत कांवड़ियों ने हरिद्वार पुलिस एवं जिला प्रशासन की कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की। श्रद्धालुओं ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और उत्साह के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।इस अवसर पर जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शिवभक्तों की सेवा में भागीदारी निभाते हुए फल, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की और यह संदेश दिया कि हरिद्वार प्रशासन केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सेवा और श्रद्धा की भावना के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है।






Users Today : 1