आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, एसएसपी नवनीत सिंह ने गठित किया चुनाव सेल
इंस्पेक्टर योगेश दत्त को सौंपी गई चुनाव सेल की कमान, 13 सदस्यीय टीम संभालेगी चुनावी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
हरिद्वार। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के उद्देश्य से चुनाव सेल का गठन करते हुए आदेश जारी किए हैं।जारी आदेश के अनुसार चुनाव सेल तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी। सेल की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आवश्यक पुलिस बल की मांग, उपलब्ध एवं आवंटित फोर्स का वितरण तथा चुनाव से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय किया जाएगा।चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का आकलन करना और पुलिस बल की तैनाती को लेकर समयबद्ध तैयारी करना महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में चुनाव सेल के गठन को हरिद्वार पुलिस की चुनावी तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।एसएसपी नवनीत सिंह के आदेश के बाद चुनाव सेल ने अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करना और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियों को समय रहते पूरा करना है।






Users Today : 10