एम.जी.एफ.एम. इंटर कॉलेज, पिरान कलियर में स्वर्ण जयंती वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न
पिरान कलियर (रुड़की)।
एम.जी.एफ.एम. इंटर कॉलेज, पिरान कलियर में विद्यालय की 50वीं वर्षगांठ (स्वर्ण जयंती) के अवसर पर भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक बाबा ग़रीब शाह को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।बताया गया कि बाबा ग़रीब शाह द्वारा सितंबर 1975 में विद्यालय समिति का गठन किया गया था। प्रारंभ में विद्यालय कक्षा 5 से 8 तक संचालित हुआ, जिसके पश्चात समिति के निरंतर प्रयासों से विद्यालय का विस्तार करते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं तक शिक्षा की व्यवस्था की गई। विद्यालय की स्थापना और विकास में स्कूल समिति की भूमिका को सराहनीय बताया गया। वार्षिक उत्सव के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले लगभग दो दर्जन मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि उप शिक्षा सचिव श्री पूरन गिरी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि श्री पूरन गिरी के आगमन पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत के माध्यम से उनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से “ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित नाटक की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री नेपाल सिंह कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ खेलों की ओर भी ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा आयोजित खेल महोत्सवों से प्रेरणा लेकर बच्चे अच्छे खिलाड़ी बन सकते हैं और अपने माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि “जमीन-जायदाद का बंटवारा हो सकता है, लेकिन शिक्षा ऐसी संपत्ति है जिसका बंटवारा नहीं होता। शिक्षा ही वह चाबी है जिससे खिलाड़ी, अधिकारी और राजनेता बनते हैं।”मुख्य अतिथि श्री पूरन गिरी ने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि कौन डॉक्टर और कौन अध्यापक बनना चाहता है। जहां अधिकांश बच्चों ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, वहीं उन्होंने अध्यापक बनने के महत्व पर भी प्रकाश डाला और विद्यालय के अनुशासन एवं प्रबंधन की सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक श्री अनीस अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा ग़रीब शाह का सपना था कि क्षेत्र में एक ऐसा कॉलेज स्थापित हो, जहां लड़के-लड़कियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने इस सपने को साकार करने के लिए सभी पदाधिकारियों से सहयोग की अपील की। विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य जुल्फिकार अहमद ने समिति के गठन से लेकर वर्तमान तक की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। स्वर्ण जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथि सहित विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य मोहम्मद यूनुस अहमद, गद्दी नसीन रमजान अली, एच.बी.जी.एच. कन्या इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कुतुबुद्दीन अहमद, मोईन अली सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक श्री अनीस अहमद ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद यूनुस, अध्यापक पवन कुमार, नौशाद अली, हसरत हुसैन, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक निष्कर अग्रवाल, रुड़की डाइट के प्राचार्य रहमान चिश्ती, टिकोला जूनियर हाई स्कूल के प्रबंधक प्रदीप राणा, नरेंद्र कुमार, कलियर नगर पंचायत की अध्यक्ष, कलियर विधायक फुरकान अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






Users Today : 1