हरिद्वार के ग्राम गढ़ मीरपुर में जरूरतमंदों को कंबल वितरण
समाजसेवा की मिसाल बना “प्रोजेक्ट राहत – विंटर रिलीफ
हरिद्वार। कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंद और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद हरिद्वार के ग्राम गढ़ मीरपुर स्थित नसीमा बेगम मेमोरियल हाई स्कूल परिसर में सोसाइटी फॉर ब्राइट फ्यूचर द्वारा प्रोजेक्ट राहत – विंटर रिलीफ इनिशिएटिव 2025–26 के अंतर्गत कंबल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मानवता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की भावना का जीवंत उदाहरण बना। सोसाइटी फॉर ब्राइट फ्यूचर बीते कई वर्षों से समाज के कमजोर, गरीब एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था बिना किसी जाति, धर्म या वर्ग के भेदभाव के मानव सेवा को अपना मूल उद्देश्य मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आपदा राहत के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इस सामाजिक अभियान में समाज सेवी महबूब आलम एवं नसीमा बेगम मेमोरियल हाई स्कूल के संस्थापक मुस्तकीम अली ने संस्था के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए, जिससे लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ नजर आया। कार्यक्रम में हिमालय दून हॉस्पिटल ने भी अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए इस मानवीय पहल में सहयोग प्रदान किया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ नसीमा बेगम मेमोरियल हाई स्कूल के संस्थापक मुस्तकीम अली तथा समाजसेवी महबूब आलम द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुस्तकीम अली, महबूब आलम,पत्रकार जावेद अंसारी, पत्रकार दिलदार अब्बासी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में शहनवाज़ (सह संयोजक), आसिफ अली (क्षेत्र संयोजक) तथा स्वयंसेवकों के रूप में सनव्वर, राजा हुसैन, आकिब अली, सोनू बर्मन और आसिफ अली की विशेष भूमिका रही। स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण और सेवा भावना के साथ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का कार्य किया। इस अवसर पर समाजसेवी महबूब आलम ने कहा कि “सर्दियों में कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत होते हैं। ऐसे मानवीय कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। ”वहीं क्षेत्र संयोजक आसिफ अली ने कहा कि “सोसाइटी फॉर ब्राइट फ्यूचर का उद्देश्य केवल राहत सामग्री वितरित करना ही नहीं, बल्कि समाज में इंसानियत, आपसी भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना है।”कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने जानकारी दी कि प्रोजेक्ट राहत के अंतर्गत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा आने वाले समय में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जाएगी। यह आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और मानवता का सशक्त संदेश देते हुए समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया।





Users Today : 2