कॉमरेड सियाराम सिंह का स्मृति दिवस: जन अधिकार संगठन ने संघर्षों को किया नमन, बस्तियों के नियमितीकरण की उठाई मांग
हरिद्वार।जन अधिकार संगठन द्वारा बुधवार को इन्द्रा बस्ती, हरिद्वार में वरिष्ठ जननेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय कॉमरेड सियाराम सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।सभा को संबोधित करते हुए जन अधिकार संगठन के ओमपाल सिंह ने कहा कि कॉमरेड सियाराम सिंह का पूरा जीवन समाज के गरीब, मजदूर, वंचित और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा अन्याय, शोषण और उत्पीड़न के विरुद्ध बुलंद आवाज उठाई तथा समानता और न्याय पर आधारित समाज के निर्माण के लिए आजीवन संघर्ष किया।उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सियाराम सिंह विशेष रूप से मलिन बस्तियों के नियमितीकरण और वहां रहने वाले गरीब परिवारों को भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलनरत रहे। उनके अधूरे सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।सभा में वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि उत्तराखंड सहित देशभर की सभी मलिन बस्तियों का शीघ्र नियमितीकरण किया जाए तथा वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जाए। वक्ताओं ने मेहनतकश और श्रमिक वर्ग से एकजुट होकर अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय कॉमरेड सियाराम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए संघर्ष, सामाजिक न्याय एवं जन अधिकारों के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इस अवसर पर ओमपाल सिंह, मोहम्मद जॉक, विश्वजीत सिंह, विकास बेनीवाल, आरती, नीतू, रेखा, चम्पा, संजीव, रंजीत, माया देवी, वंश, अंश, आदित्य, कार्तिक, कृष्णा, हनी सहित जन अधिकार संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






Users Today : 1