अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों का सम्मान, विधायक आदेश चौहान ने कहा—अनुभव और ज्ञान समाज की अमूल्य धरोहर

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों का सम्मान, विधायक आदेश चौहान ने कहा—अनुभव और ज्ञान समाज की अमूल्य धरोहर

बहादराबाद। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विकासखण्ड बहादराबाद के खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों के सम्मान, उनके अधिकारों, स्वास्थ्य एवं कल्याण के साथ-साथ समाज में उनके योगदान पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों को ज्ञान, अनुभव और परंपराओं का संरक्षक माना गया है। उनके जीवन का लंबा अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने बुजुर्गों का सम्मान करें, उनकी बातों को गंभीरता से सुनें और जरूरत के समय उनकी सहायता के लिए आगे आएं।उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की उपेक्षा के बजाय उनके अनुभवों का लाभ समाज और परिवार को लेना चाहिए। बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सहयोग केवल एक दिन तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।कार्यक्रम में वृद्धजनों से जुड़े जनपद के करीब 18 संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। सामाजिक क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान और उनके कल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित राजकीय सुरेन्द्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय, मक्खनपुर, भगवानपुर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।विकासखण्ड परिसर में बहुउद्देशीय शिविर भी लगाया गया, जिसमें वृद्धजनों को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री आदेश सैनी, उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की प्रथम अध्यक्ष संतोष चौहान, ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद आशा नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध कुमार शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी मानस मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और भेदभाव की रोकथाम तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

error: Content is protected !!