ज्ञान से सशक्त भविष्य की ओर — तहसील रूड़की में आधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के तहसील रूड़की परिसर में आज शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई, जब कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत V-Marc India Limited द्वारा स्थापित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, IIT Roorkee के निदेशक के. के. पंत तथा कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग ने संयुक्त रूप से फीता काटकर लैब का शुभारंभ किया।इस आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों, विशेष रूप से बालिकाओं, को डिजिटल और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन हरिद्वार और IIT Roorkee के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, निदेशक के. के. पंत तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की दीपक रामचंद्र शेट ने हस्ताक्षर किए।इस समझौते के तहत अब सरकारी स्कूलों के छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे आधुनिक विषयों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। IIT Roorkee के विशेषज्ञ प्रोफेसरों द्वारा यह प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, और पाठ्यक्रम पूरा करने पर विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। विशेष रूप से बालिकाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे वे तकनीकी क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी और उन्हें डिजिटल भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस कंप्यूटर लैब के शुरू होने से स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। वहीं IIT Roorkee के निदेशक के. के. पंत ने इसे प्रशासन, शिक्षा जगत और उद्योग के बीच समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जब तीनों क्षेत्र मिलकर कार्य करते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन अवश्य आता है।यह पहल न केवल डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी। कार्यक्रम में विवेक मलिक, करुण रावत, नवीन नवानी, श्रीमती मार्गरेट क्लिमकोटी, अपर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार विकास अवस्थी, तथा शुभांगिनी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।वहीं V-Marc India Limited की ओर से सीएफओ डी. के. बंसल, जीएम (एचआर) राहुल वत्स, एचआर अभय गोयल तथा लीगल हेड ज्ञान प्रकाश शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।





Users Today : 2