एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, 94 धार्मिक स्थलों से हटवाए मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकर
हरिद्वार। जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने शहर से लेकर देहात तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे 94 धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर हटवाए गए। साथ ही संबंधित प्रबंध समितियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को भविष्य में बिना सक्षम अनुमति और निर्धारित मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकर संचालित न करने की सख्त हिदायत दी गई।पुलिस टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शहर क्षेत्र से 31 और देहात क्षेत्र से 63, कुल 94 लाउडस्पीकर निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही हटवाया गया।अभियान के दौरान संबंधित व्यक्तियों, प्रबंधकों और समितियों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए कानून और ध्वनि मानकों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जनहित, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हरिद्वार पुलिस की प्राथमिकता है। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति, संस्था या प्रबंधन समिति बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर संचालित करती पाई गई, तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।हरिद्वार पुलिस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






Users Today : 2