सिडकुल में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 दोपहिया वाहन बरामद
एसएसपी की सख्ती के बाद हरकत में आई पुलिस, दो आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने खुलासा कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 5 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार सिडकुल क्षेत्र में एक के बाद एक मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने थाना सिडकुल पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम ने घटनास्थलों का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण कर एक “क्राइम ग्राफ” तैयार किया, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।
रविवार 8 फरवरी 2026 को पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों आयुष पुत्र गंगाराम और रोहित पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो डैन्सो चौक क्षेत्र से चोरी की गई थी और जिसका मुकदमा थाना सिडकुल में धारा 303(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया और बताया कि उन्होंने चोरी के वाहन मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे छिपाकर रखे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दबिश देकर वहां से 3 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी बरामद कर ली। इस तरह कुल 5 चोरी के दोपहिया वाहन पुलिस ने बरामद किए हैं। इनमें से दो वाहनों के संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज पाए गए, जबकि शेष के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है और संभावना है कि गिरोह से जुड़े और मामलों का खुलासा हो सकता है। सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही वाहन चोरियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।





Users Today : 5