गढ़ मीरपुर में भव्य सेवानिवृत्ति समारोह: भावुक माहौल में दी गई प्रधानाचार्यों को विदाई
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के ब्लॉक बहादराबाद के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़ मीरपुर स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य रमेश चंद्र शाक्य एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शर्वरी अंसारी के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में एक गरिमामय एवं भावुक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात शिक्षकों एवं अतिथियों ने दोनों प्रधानाचार्यों के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने अनुशासन, समर्पण एवं कुशल नेतृत्व से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए।कार्यक्रम के दौरान कार्यभार संभाल रही प्रधानाध्यापिका संदीपा यादव ने भावुक होते हुए कहा, “आज हमारे बीच से एक विद्वान एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व जा रहा है, यह हम सभी के लिए अत्यंत भावुक क्षण है। उनके मार्गदर्शन की कमी हमें सदैव महसूस होगी।” वहीं प्रधानाध्यापिका हेमा भंडारी ने कहा कि दोनों प्रधानाचार्यों का व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं अनुशासन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीत, नृत्य एवं कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने प्रिय गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं भावुक हो गए और उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए।विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य रमेश चंद्र शाक्य एवं प्रधानाध्यापिका शर्वरी अंसारी को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में प्रधानाचार्य रमेश चंद्र शाक्य ने कहा कि उनके जीवन का सबसे अमूल्य समय विद्यालय परिवार के साथ बीता है। उन्होंने कहा, “शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारों एवं व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। मुझे गर्व है कि मैंने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपना योगदान दिया। आप सभी का सहयोग एवं स्नेह मेरे लिए सदैव यादगार रहेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे मेहनत, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ जीवन में आगे बढ़ें और अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन करें।वहीं प्रधानाध्यापिका शर्वरी अंसारी ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार के साथ बिताए गए पल उनके जीवन की अनमोल धरोहर रहेंगे।कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। यह समारोह सम्मान, स्नेह एवं यादों से भरा एक अविस्मरणीय अवसर बन गया। इसमें शामिल पवन कुमार, रोशन लाल प्रजापति, संदीप यादव राज की उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं हेमा भंडारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रधानाध्यापिका, अध्यापक गण राकिद अली, संदीप कपिल, अशोक कुमार, रेनू नेगी प्रयोगशाला सहायक, भुवनेश्वरी कार्यालय सहायक, इस्लाम अली अभिभावक संघ अध्यक्ष, सदस्य दिलदार अब्बासी, छात्र-छात्रा आदि मौजूद रहे।






Users Today : 12