ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोडाहेड़ी में 51 लोगों पर कानूनी शिकंजा
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पथरी पुलिस ने ग्राम बोडाहेड़ी में बड़ी कार्रवाई की है। गांव में हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, मारपीट और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 22 महिलाओं और 29 पुरुषों के विरुद्ध करवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बोडाहेड़ी गांव में विगत दिनों दो पक्षों के बीच आपसी झगड़ा और मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान गांव में दोनों पक्षों की ओर से छतों से पथराव किया गया, जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने गांव में विशेष अभियान चलाया।थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ड्रोन कैमरों की मदद से छतों पर रखे ईंट-पत्थरों की निगरानी की गई। पुलिस की सख्ती के बाद छतों पर जमा किए गए पत्थरों और ईंटों को हटवाया गया। साथ ही ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में माहौल खराब करने की नीयत से छतों पर ईंट-पत्थर या अन्य सामान जमा न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन लोगों को चिन्हित किया, जिन्होंने अपने घरों की छतों पर पथराव के उद्देश्य से ईंट-पत्थर जमा कर रखे थे। इस कार्रवाई के तहत 22 महिलाओं एवं 29 पुरुषों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम करने की दिशा में राहत मिली है।हरिद्वार पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि “कानून से बढ़कर कोई नहीं” और शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, उपद्रव फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल राकेश नेगी, नारायण, नारायण राणा, चालक पंकज, आदेश चौहान और सुबोध सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।






Users Today : 11