758वें सालाना उर्स/मेला-2026 की तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
(पत्रकार दिलदार अब्बासी) हरिद्वार। 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मेले की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया।बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त 2026 से 03/04 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा, जबकि मुख्य धार्मिक आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त के बीच संपन्न होंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पिरान कलियर दरगाह पहुंचेंगे, जिसके मद्देनज़र प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने में जुटा है।अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्स प्रारंभ होने से पहले मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने कार्य पूर्ण करें ताकि किसी भी जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।बैठक में अस्थायी कार्यालयों एवं पुलिस चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानों, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शेष कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की जानकारी दी। वहीं रेलवे एवं परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था पर अपनी तैयारियों से अवगत कराया। नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा सफाई अभियान, जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग नियमित समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, ताकि उर्स/मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया। वहीं पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने भी सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने और समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने की अपील की।बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





Users Today : 2